म्यूटेशन फाइल एक साल से गायब होने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

20 अप्रैल 2026 | बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक अनोखा विरोध का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने सरकारी लापरवाही से परेशान होकर अधिकारी की मेज पर बादाम फेंक दिए। यह घटना टिफरा हाउसिंग बोर्ड कार्यालय की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि तरुण साहू नाम के युवक ने करीब एक साल पहले एक EWS फ्लैट खरीदा था, लेकिन प्रॉपर्टी म्यूटेशन (नामांतरण) की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। युवक का आरोप है कि उसकी फाइल पिछले एक साल से गायब है और बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिला।

युवक ने अपनी नाराजगी जताने के लिए सब-रजिस्ट्रार (डिप्टी रजिस्ट्रार) की मेज पर बादाम फेंक दिए। उसने यह प्रतीकात्मक विरोध इस संदेश के साथ किया कि “बादाम खाने से याददाश्त बढ़ती है”, यानी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी याद रखें और उसकी फाइल ढूंढें।

फाइल गायब होने के कारण युवक को अभी तक मालिकाना हक के जरूरी दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं, जिससे उसे लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts