मुंगेली जिले के लोरमी नगर में रविवार देर रात एक भीषण आगजनी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। झझुपुरी रोड स्थित एक कबाड़ दुकान में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान सरकारी आपातकालीन सेवाओं से कोई मदद नहीं मिली, जिसके बाद स्थानीय नागरिकों ने खुद मोर्चा संभाला।

घटना वार्ड क्रमांक 7 की है, जहाँ रिहायशी इलाके के बीचों-बीच स्थित कबाड़ी दुकान में देर रात लपटें उठनी शुरू हुईं। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं के गुब्बार कई किलोमीटर दूर से देखे जा सकते थे। गौर करने वाली बात यह है कि दुकान के समीप ही एसडीएम और तहसील कार्यालय स्थित हैं, जिससे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

सिस्टम की लापरवाही: घंटों तक नहीं उठा फोन वार्डवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन नंबरों पर दर्जनों बार कॉल किया गया, लेकिन घंटों तक किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। सरकारी मदद न मिलता देख मोहल्ले के लोग खुद जान जोखिम में डालकर बाहर निकले। पूरी रात लोग हैंडपंप और नलों से बाल्टियां भर-भरकर आग पर पानी डालते रहे। स्थानीय लोगों की इस मुस्तैदी के बावजूद आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान का सारा सामान स्वाहा हो गया।

लाखों का नुकसान, जांच में जुटा प्रशासन इस भीषण आगजनी में कबाड़ दुकान संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है। लोरमी के स्थानीय लोगों में प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति भारी आक्रोश है। फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts