मोबाइल से चलता था ऑनलाइन नेटवर्क, रायगढ़ में भी हाई-टेक सट्टा गिरोह का भंडाफोड़

कवर्धा | 23 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कवर्धा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड स्थित एक क्लीनिक में सट्टा चलाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर नीलकमल अधिकारी (43) को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद का निवासी है और फिलहाल कवर्धा में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें विभिन्न आईडी के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगाने के डिजिटल साक्ष्य मिले। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

इधर रायगढ़ पुलिस ने भी एक बड़े डिजिटल सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह पूरा रैकेट सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहा था। पुलिस को आईफोन 16 प्रो से ऑनलाइन लेनदेन, सट्टे की चैट और विभिन्न राज्यों से जुड़े सबूत मिले हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध जुआ और सट्टेबाजी से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts