निष्पक्षता में लापरवाही के आरोप, चुनाव आयोग ने शुरू की विभागीय कार्रवाई

कोलकाता | 25 अप्रैल 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के बाद चुनाव आयोग ने सख्त कदम उठाते हुए डायमंड हार्बर क्षेत्र में तैनात पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह इलाका टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। आयोग ने इन अधिकारियों पर चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने और गंभीर कदाचार के आरोप लगाए हैं। जिन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गरई, एसडीपीओ सजल मंडल, इंस्पेक्टर मौसम चक्रवर्ती, अजय बाग और सुभेच्छा बाग शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है और पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि मामले में तुरंत कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपी जाए। इसके अलावा डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक इशानी पाल को भी अधीनस्थ अधिकारियों पर नियंत्रण न रखने के कारण चेतावनी दी गई है। आयोग ने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर बताते हुए सख्त रुख अपनाया है।

पहले चरण के मतदान में पश्चिम बंगाल में करीब 92.9 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो अब तक के सबसे अधिक मतदान में से एक है। दक्षिण दिनाजपुर, कूच बिहार, बीरभूम और जलपाईगुड़ी जैसे जिलों में 90 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 152 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts