नई दिल्ली, 26 अप्रैल 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद करते हुए सौर और पवन ऊर्जा को भारत के विकास के लिए बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा केवल पर्यावरण की चिंता नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा विषय है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। पीएम मोदी ने लोगों से बिजली बचाने और क्लीन एनर्जी अपनाने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि गुजरात और राजस्थान जैसे राज्य पवन ऊर्जा का बेहतर उपयोग कर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

बीटिंग रिट्रीट से लेकर ‘लाखा जी के बाराती’ तक का जिक्र
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने गणतंत्र पर्व और ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह का जिक्र करते हुए भारतीय संगीत परंपराओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इस आयोजन में भारतीय धुनों का समावेश बढ़ा है, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया है। इसके अलावा उन्होंने कच्छ के रण में आने वाले फ्लेमिंगो पक्षियों का उल्लेख करते हुए बताया कि स्थानीय लोग इन्हें ‘लाखा जी के बाराती’ कहते हैं, जो अब पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन चुके हैं।

बुद्ध के विचार और विज्ञान की भूमिका पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने भगवान गौतम बुद्ध के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शांति हमारे भीतर से शुरू होती है और आज के वैश्विक तनाव के दौर में उनके संदेश और भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने चिली में एक संस्था द्वारा बुद्ध के विचारों को आगे बढ़ाने की पहल का भी जिक्र किया। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को राष्ट्र की प्रगति से जोड़ा है और अंतरिक्ष कार्यक्रम जैसे प्रयास देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम 32 भाषाओं और 29 बोलियों में प्रसारित होता है, जिससे यह देश के हर वर्ग तक पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts