जम्मू , 30 अप्रैल 2026

जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा की शुरुआत हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा पहले श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के बीच संचालित होती थी, जिसे अब बढ़ाकर जम्मू तवी तक कर दिया गया है। इस नई कनेक्टिविटी से यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर के साथ-साथ पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कश्मीर कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार
उद्घाटन समारोह में डॉ. जितेंद्र सिंह और उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे। रेल मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु है और यह दुर्गम क्षेत्रों में आधुनिक रेल सुविधा पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम है।

5 घंटे में पूरा होगा जम्मू–श्रीनगर सफर
इस सेवा के शुरू होने के बाद अब जम्मू से श्रीनगर के बीच यात्रा का समय काफी घटकर लगभग 5 घंटे रह गया है। पहले सड़क मार्ग से यह दूरी तय करने में 10 से 12 घंटे लगते थे। करीब 267 किलोमीटर के इस सफर में यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन
इस मार्ग पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को विशेष रूप से पहाड़ी और ठंडे क्षेत्रों के अनुसार डिजाइन किया गया है। ट्रेन में उन्नत सुरक्षा प्रणाली, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और आरामदायक सीटों की सुविधा दी गई है। पहले जहां इस रूट पर 8 कोच की ट्रेन चलती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 20 कोच का कर दिया गया है, जिससे अधिक यात्री सफर कर सकेंगे।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अब सीधे जम्मू से वंदे भारत के जरिए श्रीनगर पहुंच सकेंगे। नियमित संचालन 2 मई से शुरू होगा और यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts