कांकेर जिले में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग का गुस्सा एक बार फिर चर्चा में आ गया। किसानों के बीच कार्यक्रम के दौरान मत्स्य विभाग के निरीक्षक को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाए जाने के बाद अधिकारी नाराज होकर माइक छोड़कर कार्यक्रम स्थल से चले गए। घटना के बाद जनप्रतिनिधि और सरकारी कर्मचारियों के बीच विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम दसपुर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग किसानों से सीधे संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। सांसद ने मत्स्य विभाग के निरीक्षक से पूछा कि किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।

बताया जा रहा है कि निरीक्षक सांसद के सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर सांसद भोजराज नाग नाराज हो गए और किसानों के सामने ही अधिकारी को फटकार लगा दी। सार्वजनिक रूप से हुई इस नाराजगी के बाद निरीक्षक बिना कुछ कहे माइक छोड़कर कार्यक्रम से बाहर निकल गए।

निरीक्षक के कार्यक्रम छोड़कर जाने के बाद भी सांसद का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग सांसद के सख्त रवैये को सही बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना उचित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts