14 मई 2026 | लखनऊ

उत्तर प्रदेश में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक करीब 70 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। प्रयागराज, भदोही, कानपुर देहात और फतेहपुर समेत कई जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान दर्ज किया गया है। हालात को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि पीड़ितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने और हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने जनहानि, पशुहानि और फसलों के नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कर मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।

सभी जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राहत आयुक्त कार्यालय लगातार सभी जिलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ अफसरों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं रेस्क्यू कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम भी जारी है।

मकानों, फसलों और पेड़ों को भारी नुकसान

तेज आंधी और आकाशीय बिजली की वजह से कई जिलों में मकानों, पेड़ों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सरकार की ओर से दावा किया गया है कि पुनर्वास और राहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द सहायता मिल सके।

24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनहानि और आर्थिक नुकसान से जुड़े मामलों में तुरंत सर्वे कराया जाए और 24 घंटे के भीतर पीड़ितों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts