20 मई 2026 | नई दिल्ली

दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कंबोडिया स्थित विदेशी साइबर ठगों से जुड़े बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कई उच्च शिक्षित युवक शामिल हैं, जिनके पास BTech, MBA और साइबर सिक्योरिटी डिप्लोमा जैसी डिग्रियां हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने फर्जी ऑनलाइन स्टॉक निवेश प्लेटफॉर्म बनाकर लोगों को झांसे में लिया और लाखों रुपये की ठगी की।

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को फंसाते थे आरोपी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को पहले व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ते थे और वहां फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित करते थे। भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को नकली निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने के लिए कहा जाता था। इसी तरीके से एक शिकायतकर्ता से करीब 24 लाख रुपये की ठगी की गई थी।

14 दिनों में 4 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन

जांच में सामने आया कि सिर्फ 14 दिनों के भीतर इस गिरोह से जुड़े बैंक खातों में करीब 4 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। पुलिस को इस दौरान 60 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। आरोपी APK आधारित रिमोट एक्सेस ऐप के जरिए विदेश से बैंक खातों को संचालित कर रहे थे और विदेशी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लेते थे।

मुख्य आरोपी अनंत पांडे विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था

पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी अनंत पांडे था, जो सीधे विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में कई जगह छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, बैंकिंग रिकॉर्ड, कमीशन शेयरिंग दस्तावेज और कई डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।

साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच जारी

दिल्ली पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट से और कितने लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts