पुणे, महाराष्ट्र | 29 मई 2026

महाराष्ट्र के पुणे में कथित जहरीली शराब ने बड़ा कहर बरपाया है। बीते दो दिनों में हुई 15 मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इनमें से 11 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अन्य चार मौतों की जांच अलग-अलग कारणों से की जा रही है। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और प्रभावित इलाकों में तत्काल हेल्थ कैंप लगाए गए।

यह पूरा मामला पिंपरी-चिंचवड के फुगेवाड़ी और पुणे के हडपसर इलाके से जुड़ा हुआ है। मृतकों में युवा से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं।

शराब पीते ही बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक शराब पीने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा, तो कुछ लोग चक्कर खाकर गिर पड़े। कुछ मौतों का कारण हार्ट अटैक भी बताया जा रहा है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत की सही वजह सामने आ सके।

मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल

पुणे पुलिस उपायुक्त के अनुसार अब तक कुल 15 मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें फुगेवाड़ी इलाके में 6 और हडपसर में 5 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।

आरोपी गिरफ्तार, केमिकल मिली शराब सप्लाई करने का आरोप

मामले में राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने योगेश वानखेड़े नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर किया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फुगेवाड़ी और हडपसर इलाके में कथित तौर पर केमिकल मिली शराब सप्लाई की थी। इसी जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की जान चली गई।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई केस

पुलिस के मुताबिक योगेश वानखेड़े के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हडपसर और पुणे ग्रामीण क्षेत्रों में तीन केस दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

मृतकों के नाम आए सामने

मरने वालों में विजय प्रकाश राठौड़, राजेंद्र प्रकाश राठौड़, राजू राजपूत, अकबर पठान, बाबा शेख, आनंद देसाई और आनंद निकलजे के नाम सामने आए हैं। वहीं हडपसर इलाके में राहुल शरद क्षीरसागर, विजय भू कुरलाल शर्मा, अरुण दादर और अशोक रमेश चव्हाण की मौत हुई है।

वहीं दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें सुभाष दिगिकर को मेडी पॉइंट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अक्षय अवसरमल का इलाज यशवंतराव चव्हाण अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts