नासिक , 5 जून 2026

महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) कार्यालय में सामने आए यौन उत्पीड़न और कथित धर्मांतरण मामले में दाखिल चार्जशीट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित महिलाओं को मानसिक रूप से प्रभावित कर उन पर धार्मिक दबाव बनाने की कोशिश की।

चार्जशीट में शामिल एक पीड़िता के बयान के मुताबिक उसे पाकिस्तानी इस्लामिक उपदेशक तारिक जमील और जाकिर नाइक के वीडियो देखने के लिए कहा गया। आरोपियों ने कथित रूप से उसे भजन सुनना और मंदिर जाना बंद करने की सलाह देते हुए कहा कि “अल्लाह सारे गुनाह माफ कर देंगे।”

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी दानिश शेख ने मानसिक तनाव कम करने का भरोसा दिलाकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। जब उसने अपने भविष्य को लेकर चिंता जाहिर की तो आरोपी ने उसे अल्लाह पर भरोसा रखने और धार्मिक गतिविधियां बदलने की सलाह दी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पीड़िता को इस्लाम से जुड़ी जानकारी देने के लिए अन्य लोगों से संपर्क कराया। उसे जाकिर नाइक और डॉ. इसरार अहमद के वीडियो देखने और उनके प्रवचन सुनने के लिए कहा गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी को उसके बैंक खाते, जमा राशि और UPI PIN तक की जानकारी थी।

पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) इस मामले में दर्ज कुल 9 शिकायतों की जांच कर रही है। अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। चार्जशीट में 106 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं, जिनमें पीड़िताएं, उनके परिजन, TCS कर्मचारी, प्रबंधन, POSH समिति के सदस्य और जांच अधिकारी शामिल हैं।

मामले में आरोपी निदा खान पर भी कर्मचारियों को कथित रूप से नमाज पढ़ने, नॉन-वेज भोजन अपनाने और इस्लामिक परंपराओं के अनुरूप जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts