बिलासपुर, 15 जून 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, साहिल बर्मन सरकंडा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर कानून की पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार को वे कोशलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में आयोजित एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने साथियों के साथ कॉलेज परिसर के बाहर चर्चा कर रहे थे।

इसी दौरान उनकी मुलाकात समीर नामक युवक से हुई। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

विवाद के दौरान ब्लेड से किया हमला

बताया जा रहा है कि साहिल के साथ मौजूद अन्य छात्र वहां से चले गए, जबकि साहिल और समीर वहीं रुक गए। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर समीर ने अपने पास मौजूद ब्लेड से साहिल की गर्दन पर हमला कर दिया।

घायल साहिल ने घटना के बाद अपने एक साथी को फोन कर हमले की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही उसका साथी भी अस्पताल पहुंचा, जहां साहिल खून से लथपथ हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मिला।

अस्पताल में चल रहा इलाज

डॉक्टरों की निगरानी में घायल छात्र का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार गर्दन पर गहरी चोट आई है, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

आरोपी की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी समीर के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts