कोलकाता, 20 जून 2026

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की वरिष्ठ नेता और सांसद महुआ मोइत्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की मुखर आलोचक मानी जाने वाली महुआ मोइत्रा ने इस बार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रक्षा मंत्री का एक पत्र साझा किया, जिसमें सशस्त्र बलों के दिव्यांग कर्मियों की विकलांगता पेंशन पर आयकर छूट से जुड़े मुद्दे का उल्लेख किया गया था। पोस्ट में महुआ ने लिखा कि वह इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाने के लिए राजनाथ सिंह की आभारी हैं और उम्मीद करती हैं कि वित्त मंत्रालय भी इसी तरह का रुख अपनाएगा।

रक्षा मंत्री के पत्र में कहा गया है कि सशस्त्र बलों के दिव्यांग अधिकारियों की विकलांगता पेंशन पर आयकर छूट से जुड़ा विषय वित्त मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जब तक इस संबंध में नई अधिसूचना जारी नहीं होती, तब तक मौजूदा कर छूट जारी रहेगी।

महुआ मोइत्रा के इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। हालांकि उन्होंने अपने संदेश में केवल सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े मुद्दे पर सरकार के रुख की सराहना की है।

इधर, पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी के भीतर चल रही उठापटक और पार्टी से जुड़े घटनाक्रमों के बीच महुआ मोइत्रा का यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच जनहित के मुद्दों पर समर्थन और विरोध दोनों लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts