रायपुर, 22 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। खनिज साधन विभाग की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 क्रशर इकाइयों को सीलबंद किया और अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की।

बलौदाबाजार में 6 क्रशर सीलबंद

खनिज साधन विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर 21 और 22 जून को केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने शिकायतों के आधार पर जांच अभियान चलाया। जिला बलौदाबाजार के ग्राम खपरीडीह में चूनापत्थर से संबंधित स्वीकृत भंडारण स्थलों और खदानों का निरीक्षण किया गया। जांच में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 6 क्रशर इकाइयों को सीलबंद कर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया।

महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पकड़ा गया

जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम दहिदा स्थित महानदी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन से अवैध रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। खनिज अधिनियम के तहत मशीन को जब्त कर आगामी आदेश तक सीलबंद कर दिया गया। मशीन स्वामी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

ड्रोन सर्वे से हुई जांच

सभी स्थलों का सत्यापन और आकलन ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक के माध्यम से किया गया। आधुनिक तकनीक के उपयोग से खनन गतिविधियों की सटीक निगरानी और अनियमितताओं का पता लगाया गया।

सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

खनिज सचिव पी. दयानंद ने अधिकारियों को ड्रोन सर्वेक्षण, आधुनिक तकनीक और सतत निगरानी के जरिए अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts