रायपुर, 7 जुलाई 2026


छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा रायपुर के डूमरतराई में विकसित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का लोकार्पण एवं नामकरण समारोह अब 8 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण एवं नामकरण कर इसे प्रदेशवासियों और व्यापारियों को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे।

यह कार्यक्रम पहले 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था। अब इसका आयोजन 8 जुलाई को किया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह आधुनिक थोक बाजार व्यापारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुगम यातायात व्यवस्था, आधुनिक व्यापारिक अवसंरचना तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इससे रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

परियोजना का विकास दो चरणों में किया गया है। प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल बनाए गए। वहीं द्वितीय चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और समग्र थोक व्यापारिक परिसर मिलेगा।

यह परियोजना व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ रायपुर को एक मजबूत व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध होगा।

समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts