रायपुर, 11 जुलाई 2026

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में 230 के स्थान पर 250 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। यानी 20 नई सीटों की बढ़ोतरी हुई है।

10 जुलाई 2026 को जारी लेटर ऑफ परमिशन (LoP) के अनुसार, यह कॉलेज पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।

1963 में 60 सीटों से शुरू हुआ था सफर

वर्ष 1963 में 60 MBBS सीटों के साथ स्थापित JNM मेडिकल कॉलेज ने समय-समय पर अपनी प्रवेश क्षमता बढ़ाई है। सीटों की संख्या पहले 100, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 से बढ़कर 250 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि 20 नई MBBS सीटों के जुड़ने से प्रदेश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और उन्हें अपने ही राज्य में मेडिकल की पढ़ाई करने का बेहतर मौका मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts