रायपुर, 12 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की कार्यसंस्कृति का एक और उदाहरण सामने आया है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव के संघर्षपूर्ण जीवन से जुड़ी एक मार्मिक खबर पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को बिना विलंब शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन ने अभूतपूर्व तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर गणेश राम यादव को ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी। खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया रविवार के शासकीय अवकाश के दिन भी पूरी की गई, जो प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।

निर्देश मिलते ही विभागीय अधिकारियों की टीम जनपद पंचायत धरमजयगढ़ पहुंची और ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासनिक दल गणेश राम यादव के घर भी पहुंचा, जहां उनके परिवार, भाभी और वार्ड पंच से चर्चा की गई। उस समय गणेश राम घर पर मौजूद नहीं थे, इसलिए ट्राइसाइकिल उनके बड़े भाई विचित्र यादव को सौंपते हुए उन्हें गणेश राम के लौटने पर वाहन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में गणेश राम यादव की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वे हाथों के सहारे चलकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करते नजर आए थे। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित थे। दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में रहने के कारण उन्हें आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

ट्राइसाइकिल मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। गणेश राम यादव के बड़े भाई विचित्र यादव ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक गणेश राम को छोटी-सी दूरी तय करने के लिए भी हाथों के सहारे चलना पड़ता था। अब ट्राइसाइकिल मिलने से वे स्वावलंबी जीवन की ओर कदम बढ़ा सकेंगे और स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, पंचायत सहित अन्य स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

गणेश राम यादव की भाभी श्रीमती चंद्रवती ने बताया कि उनके पति विचित्र यादव और देवर गणेश राम यादव दोनों जन्म से दिव्यांग हैं तथा वे स्वयं भी दिव्यांग हैं। दोनों भाइयों को प्रतिमाह दिव्यांग पेंशन मिलती है। परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। साथ ही राशन कार्ड के माध्यम से नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्राइसाइकिल मिलने से गणेश राम का दैनिक जीवन पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में राज्य सरकार की संवेदनशील, जनकेंद्रित और जवाबदेह सुशासन व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। ग्रामीणों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की मानवीय और संवेदनशील सोच का प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts