रायपुर, 13 जुलाई 2026

ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन के समापन पर बोर्ड को 21 राज्यों की सहभागिता के बीच उसके आकर्षक, सृजनात्मक और प्रभावशाली पवेलियन के लिए ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, प्राकृतिक पर्यटन, धार्मिक धरोहरों और आधुनिक पर्यटन दृष्टिकोण को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सफलता का प्रतीक माना जा रहा है।

10 से 12 जुलाई तक कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में आयोजित इस पर्यटन मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का पवेलियन तीनों दिनों तक पर्यटकों, पर्यटन विशेषज्ञों, टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। पवेलियन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक पर्यटन, इको-टूरिज्म, पर्यटन रिसॉर्ट्स और राज्य के विभिन्न पर्यटन परिपथों को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसे व्यापक सराहना मिली।

आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों, पर्यटन विशेषज्ञों और निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकों में हिस्सा लिया। इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज, विपणन सहयोग, नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के साथ राज्य और अन्य राज्यों के लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालकों, होम-स्टे संचालकों और पर्यटन उद्यमियों ने भी भाग लिया। इससे राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय पर्यटन उद्योग के समक्ष प्रस्तुत करने और नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष और थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया। सभी ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक विरासत और पर्यटन विकास की संभावनाओं की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ को उभरते हुए पर्यटन गंतव्य के रूप में बताया।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि TTF जैसे राष्ट्रीय मंच राज्य की पर्यटन संभावनाओं को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण का मजबूत माध्यम मानते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। वहीं प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि TTF-2026 में मिला राष्ट्रीय सम्मान राज्य के पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इससे छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने के अभियान को नई गति मिलेगी।

‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि, जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सशक्त पहचान का प्रतीक है। यह उपलब्धि आने वाले समय में राज्य में पर्यटन निवेश, रोजगार सृजन और देश-विदेश से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts