रायपुर, 14 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि 30 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मौके पर प्रशासन, जांच के आदेश

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल

बॉयलर फटने से बड़ी संख्या में मजदूर झुलस गए, जिससे औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राज्य सरकार ने सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts