छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। ताजा अपडेट के अनुसार, दोनों कक्षाओं के परीक्षा परिणाम 29 या 30 अप्रैल को घोषित किए जा सकते हैं।

मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने जानकारी दी है कि कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल अंकों का मिलान और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ऐसे में बोर्ड कभी भी परिणाम जारी करने की आधिकारिक घोषणा कर सकता है।

बोर्ड परीक्षाएं फरवरी में शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। इस दौरान हिंदी पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिसके चलते परिणाम घोषित करने में देरी हुई। पहले बोर्ड ने 15 अप्रैल तक रिजल्ट जारी करने की योजना बनाई थी।

इस वर्ष कक्षा 10वीं में करीब 3,20,535 और कक्षा 12वीं में 2,45,785 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। बड़ी संख्या में छात्र आगे की पढ़ाई और प्रवेश परीक्षाओं के लिए रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।

पिछले साल बोर्ड ने 7 मई 2025 को परिणाम घोषित किया था, जिसमें कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 68.76% और कक्षा 12वीं का 82.25% रहा था। अब छात्रों और अभिभावकों की नजरें बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts