कांकेर, 26 मई 2026। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के कोयलीबेड़ा और परतापुर थाना क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए दो अलग-अलग डंप बरामद किए हैं। इन डंप से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, कांकेर-नारायणपुर सीमा से लगे ग्राम गुमचूर के जंगल में जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद हुआ। तलाशी लेने पर वहां से नक्सल साहित्य के साथ 42 नग 303 रायफल राउंड, 75 नग 7.62 एसएलआर राउंड, 21 नग 5.56 रायफल राउंड, 2 एसएलआर मैग्जीन फिलर और 6 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए।

वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम पदालमस्पी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में की गई। यहां सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को एक और नक्सली डंप मिला। बीडीएस टीम और डीआरजी जवानों ने डंप से एक कंट्री मेड पिस्टल, 2 किलो वजनी टिफिन आईईडी, पावर कंट्रोलर, वायर और बैटरी बरामद की है।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कांकेर और नारायणपुर के सीमावर्ती इलाकों में लगातार एंटी-नक्सल अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में इन इलाकों से नक्सल वर्दी, हथियार और विस्फोटक सामग्री की कई खेप बरामद की जा चुकी है। जवानों की लगातार कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts