जशपुर, 18 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित अत्याधुनिक डे-केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और आत्मीय संवाद स्थापित किया। मुख्यमंत्री के इस अपनत्व भरे व्यवहार से वरिष्ठजन बेहद प्रसन्न नजर आए।

वरिष्ठजनों के सम्मान का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए और धार्मिक पुस्तक, शॉल व श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में एकल परिवार और व्यस्त जीवनशैली के कारण कई बुजुर्ग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं, जिसका असर उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है।

डे-केयर मॉडल से मिलेगा सहारा

सीएम साय ने बताया कि ‘सियान गुड़ी’ की परिकल्पना इन्हीं चुनौतियों के समाधान के लिए की गई है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सक्रिय वातावरण प्रदान करेगा, जहां वे दिनभर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर नई ऊर्जा प्राप्त कर सकेंगे।

एक ही छत के नीचे बहुआयामी सुविधाएं

जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर रोड स्थित इस केंद्र में योग, प्राणायाम, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्वास्थ्य जांच, टेलीमेडिसिन, फिजियोथैरेपी, प्राथमिक दवाएं और परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान

केंद्र को दिव्यांग अनुकूल बनाया गया है, जिसमें व्हीलचेयर सुविधा, अलग शौचालय, विशाल हॉल, पुस्तकालय, रीडिंग कॉर्नर, सीसीटीवी, बायोमैट्रिक उपस्थिति और चिकित्सा परामर्श जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 और राज्य स्तरीय सियान हेल्पलाइन 155326 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

सामाजिक समरसता को मिलेगा बल

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘सियान गुड़ी’ पहल से वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन मिलेगा और समाज में पारिवारिक मूल्यों को नई मजबूती मिलेगी। यह केंद्र न केवल बुजुर्गों के लिए सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts