राजधानी में लंबे समय से बनी हुई ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने शहर की 1400 किलोमीटर से अधिक सड़कों पर अतिक्रमण की पहचान के लिए डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (DGPS) सर्वे शुरू करने का निर्णय लिया है।

इस सर्वे के जरिए सड़कों पर मौजूद अवैध कब्जों की सटीक पहचान और मार्किंग की जाएगी, जिससे भविष्य में इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

रियल-टाइम तकनीक से होगी निगरानी
DGPS तकनीक की मदद से सड़कों की रियल-टाइम इमेजिंग की जाएगी, जिससे अतिक्रमण वाले स्थानों की सटीक लोकेशन मिल सकेगी। सर्वे से प्राप्त डेटा के आधार पर पीडब्ल्यूडी द्वारा अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, कई प्रमुख सड़कों की चौड़ाई 60 मीटर से अधिक है, लेकिन अतिक्रमण और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से सड़कों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और ट्रैफिक जाम में कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts