रायपुर,31 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिल रही लगातार सफलताओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली उपलब्धि पर मुख्यमंत्री को बधाई दी और उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए युग में प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद प्रदेश की प्रगति में बड़ी बाधा बना रहा, खासकर बस्तर क्षेत्र इसका सबसे अधिक प्रभावित रहा। हालांकि अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की रफ्तार तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की स्पष्ट नीति, दृढ़ संकल्प और प्रभावी रणनीति को दिया।
उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी शहादत इस उपलब्धि की नींव है। साथ ही सुरक्षाबलों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके लगातार प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि नक्सलमुक्त माहौल में छत्तीसगढ़ तेज गति से विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।


