राजिता के बाद बढ़ी हलचल, 34 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण; बस्तर पर भी पड़ेगा असर
जगदलपुर | 25 अप्रैल 2026
नक्सल मोर्चे पर तेलंगाना में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र तक पड़ने की संभावना है। हाल ही में बीजापुर की 18 वर्षीय महिला माओवादी मुडियम रामे उर्फ राजिता के आत्मसमर्पण के बाद अब छत्तीसगढ़ कैडर के 47 और माओवादी हथियार छोड़ने की तैयारी में हैं। जानकारी के अनुसार, इनमें बटालियन नंबर-1 के कमांडर हेमला वेज्जा भी शामिल हैं, जो आज हैदराबाद में तेलंगाना डीजीपी के सामने 34 हथियारों के साथ सरेंडर करेंगे।
मुलुगु जिले में राजिता के आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। वह साउथ बस्तर डिवीजनल कमेटी की सक्रिय सदस्य थी और 9वीं प्लाटून में उसकी अहम भूमिका थी। पुलिस ने पुनर्वास योजना के तहत उसे 25 हजार रुपये की सहायता देकर मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की है।
बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश माओवादी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय थे, ऐसे में इस घटनाक्रम को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इसे रणनीतिक सफलता मान रही हैं, जिससे क्षेत्र में हिंसा में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।


