नोएडा, 18 अप्रैल 2026

नोएडा में हालिया हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद को पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 2400 किलोमीटर दूर भागे आरोपी को संयुक्त कार्रवाई में यूपी एसटीएफ और नोएडा पुलिस ने पकड़ा। इसकी पुष्टि गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने की है।

भेष बदलकर फरार हुआ था आरोपी

पुलिस के अनुसार, नोएडा हिंसा के बाद आदित्य आनंद ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी और बाल कटवाकर भेष बदल लिया था और तमिलनाडु भाग गया था। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

साजिश का मास्टरमाइंड बताया गया

जांच में सामने आया है कि आदित्य आनंद ने अपने साथियों रूपेश राय, मनीषा चौहान और अन्य के साथ मिलकर मजदूरों को भड़काने की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक यह पूरी घटना एक सुनियोजित और संगठित गतिविधि थी, जिसका उद्देश्य श्रमिकों को उकसाकर हिंसा फैलाना था।

सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए उकसावे की कोशिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर और QR कोड के माध्यम से लोगों को जोड़ा। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक जानकारी फैलाकर माहौल को और भड़काया गया।

हिंसा की पूरी टाइमलाइन सामने आई

पुलिस के मुताबिक 31 मार्च और 1 अप्रैल को आरोपी नोएडा पहुंचे थे। इसके बाद 10 अप्रैल को मजदूर आंदोलन शुरू हुआ, 11 अप्रैल को रोड जाम के लिए उकसाया गया और 13 अप्रैल को मदरसन कंपनी के बाहर भीड़ इकट्ठा कर हिंसा को अंजाम दिया गया।

पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

नोएडा पुलिस अब तक 350 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस इस पूरे मामले में अन्य संदिग्धों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं को दोबारा रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts