रायपुर, 10 अप्रैल 2026

वृंदावन के केशी घाट के पास यमुना नदी में एक स्टीमर पलटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के समय स्टीमर में करीब 25 से 30 लोग सवार थे, जो नदी भ्रमण के लिए पहुंचे थे।

अचानक पलटा स्टीमर, मची अफरा-तफरी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2:45 बजे यह दुर्घटना हुई। स्टीमर के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग नदी में गिर गए। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई।

तेजी से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान लगातार जारी है। अब तक 20 से अधिक लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। लापता लोगों की तलाश जारी है।

अस्पतालों को किया गया अलर्ट

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि घायलों के उपचार के लिए अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रामकृष्ण मिशन अस्पताल समेत अन्य चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां की गई हैं ताकि तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

हादसे के कारणों की जांच जारी

पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नदी में चल रहे मरम्मत कार्य या अन्य तकनीकी कारणों से यह हादसा हुआ हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts