सक्ती जिले स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। ताजा मामले में पश्चिम बंगाल के मजदूर विश्वजीत साहू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से झुलसे विश्वजीत साहू का इलाज Shri Shankara Hospital में चल रहा था, जहां उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और उनकी मौत हो गई। इस हादसे में घायल अन्य मजदूरों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए Anil Agarwal, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल सहित 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा बायलर फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव बढ़ने के कारण हुआ, जिससे बायलर का निचला पाइप अपनी जगह से हट गया और विस्फोट हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। बिलासपुर संभाग के आयुक्त Sunil Jain को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच को पारदर्शी बनाने के लिए आमजन, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों से साक्ष्य और दस्तावेज आमंत्रित किए गए हैं।
जो भी व्यक्ति इस हादसे से जुड़ी जानकारी देना चाहता है, वह 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिलासपुर संभाग आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकता है। प्रशासन का कहना है कि इस जांच का उद्देश्य दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना, दोषियों की जिम्मेदारी तय करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।


