छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मैनपाट वन परिक्षेत्र में बीती रात हाथियों के दल ने एक घर और स्कूल में तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल कापू रेंज के जोबलपानी से धौवरघाट के बीच जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। शुक्रवार रात चुरकीपानी गांव में हाथियों ने एक घर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया, जिससे एक परिवार बेघर हो गया।

इसके अलावा कडराजा कॉलोनी में भी हाथियों के दल ने स्कूल भवन को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

हाथियों की लगातार गतिविधियों के कारण ग्रामीण दहशत में हैं और रात के समय सतर्कता बरत रहे हैं। स्थिति को देखते हुए वन विभाग द्वारा गांव-गांव मुनादी कर लोगों को जंगल की ओर न जाने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts