Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर अब पूरी तरह रोक, सभी वाहनों की एंट्री बंद… हादसों पर लगाम के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला

निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर अब पूरी तरह रोक, सभी वाहनों की एंट्री बंद… हादसों पर लगाम के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला

जांजगीर-चांपा30june2026/ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं समय पर पूरा करने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। उरगा-बलौदा-पंतोरा-बिलासपुर के बीच निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर अब छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। यह निर्णय जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, निर्माणाधीन सड़क पर लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा था। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में मार्ग को पूरी तरह बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

यातायात पुलिस ने इससे पहले भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर निर्माणाधीन मार्ग पर वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की थी। पत्र में बताया गया था कि अधूरी सड़क पर वाहनों के चलने से न केवल निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है। पुलिस की सिफारिश के बाद परियोजना निदेशक ने उरगा से बिलासपुर तक निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग को आम वाहनों के लिए बंद करने के निर्देश जारी कर दिए।

आपातकालीन सुविधाओं का भी अभाव

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माणाधीन मार्ग पर फिलहाल एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी निगरानी और अन्य जरूरी आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में किसी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य करना कठिन हो सकता है।

वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का उपयोग न करें। सुरक्षित यात्रा के लिए केवल वैकल्पिक और अधिकृत मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *