Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > हनुमान मंदिर से 30 तोले का मुकुट चोरी, सुबह खुला मंदिर तो मचा हड़कंप, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

हनुमान मंदिर से 30 तोले का मुकुट चोरी, सुबह खुला मंदिर तो मचा हड़कंप, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

कवर्धा, 30 जून। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शहर के रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर से अज्ञात चोर भगवान हनुमान की प्रतिमा पर विराजित करीब 30 तोले (लगभग 350 ग्राम) वजनी कीमती मुकुट चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता मंगलवार सुबह मंदिर खुलने पर चला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे धार्मिक आस्था पर हमला बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच स्थित मंदिर में इस तरह की चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया मुकुट बरामद किया जाए और शहर के प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

गौरतलब है कि कवर्धा जिले में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई मंदिरों में चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में एक बार फिर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *