रायपुर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर जारी विरोध के बीच राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि अभी चुनाव कराने की कोई योजना नहीं है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार इस विषय पर फिलहाल विचार भी नहीं कर रही है।
इधर NSUI लगातार आंदोलन तेज कर रही है। संगठन ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कई जगहों पर पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई।
NSUI का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों की आवाज का अहम मंच है, जिसे लंबे समय से रोका जाना गलत है। संगठन ने सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन और उग्र होगा।
बता दें कि 2014 से 2016 तक राज्य में छात्रसंघ चुनाव सीधे मतदान से हुए थे, लेकिन 2017 के बाद यह निर्णय कुलपतियों पर छोड़ दिया गया और अब ज्यादातर जगह मनोनयन प्रणाली लागू है। फिलहाल सरकार और छात्रों के बीच टकराव बढ़ने के संकेत हैं।


