बिलासपुर में अधिकारी पर NOC के बदले पैसे मांगने के आरोप, प्रशासन ने किया अटैच

बिलासपुर | 23 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चर्चित ‘बादाम कांड’ के बाद एक बार फिर वही महिला अधिकारी विवादों में घिर गई हैं। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन पर एनओसी देने के बदले रिश्वत मांगने, आवेदकों को महीनों तक चक्कर लगवाने और गाली-गलौज करने के आरोप लगे हैं। वायरल वीडियो में एक महिला आवेदक उन्हें गाली देने से मना करती नजर आती है, जबकि अधिकारी आरोपों से इनकार करती दिख रही हैं।

आवेदक पक्ष का कहना है कि उनका काम 1 से 1.5 महीने तक जानबूझकर लंबित रखा गया और बदले में पैसे की मांग की गई। बताया जा रहा है कि यह मामला मार्च के अंत का है, लेकिन वीडियो अब सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पूनम बंजारे को नवा रायपुर मुख्यालय अटैच कर दिया है। साथ ही कार्यपालन अभियंता एल.पी. बंजारे को भी साइडलाइन किया गया है। जानकारी के अनुसार, नामांतरण से जुड़ा एक केस 17 मार्च 2025 से लंबित था, जबकि 11 नवंबर 2025 को आदेश जारी होने के बाद भी आवेदक को राहत नहीं मिली।

कमिश्नर अवनीश शरण ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सरकारी कार्यप्रणाली और सुशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts