नई दिल्ली, 29 अप्रैल 2026

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी Inter-Services Intelligence (ISI) से जुड़े ड्रोन हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस ऑपरेशन में जिगाना, ग्लॉक और PX पिस्टल समेत 23 अत्याधुनिक विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद किया है और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी और इसे दिल्ली-NCR सहित विभिन्न क्षेत्रों में एंटी-सोशल एलिमेंट्स और कुख्यात गैंगस्टरों तक पहुंचाया जाना था।

पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से जुड़े थे आरोपी
स्पेशल सेल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से कई सीधे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित यह नेटवर्क भारत में हथियारों की सप्लाई कर अपराध और अस्थिरता फैलाने की साजिश में लगा था। पुलिस अब डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

देशी हथियारों का नेटवर्क भी उजागर
जांच के दौरान बिहार के मुंगेर में तैयार किए जा रहे देशी हथियारों और उनके पुर्जों को भी बरामद किया गया है। इससे यह संकेत मिला है कि विदेशी हथियारों के साथ-साथ देशी स्तर पर भी एक समानांतर सप्लाई चेन सक्रिय थी, जो अपराधी गिरोहों को हथियार उपलब्ध कराने में लगी हुई थी।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश जारी
दिल्ली पुलिस अब इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और संभावित आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts