09 मई 2026 | चंडीगढ़

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को उनके ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की, जिसके बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई। ED की टीम ने पीएमएलए, 2002 के तहत चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संजीव अरोड़ा और उनके सहयोगियों से जुड़े 4 परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें मंत्री पद के लिए आवंटित उनका आधिकारिक आवास भी शामिल बताया जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान खुलकर अपने मंत्री के बचाव में उतर आए और BJP पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि एक साल में यह तीसरी बार है जब ED ने संजीव अरोड़ा के घर छापा मारा है और पिछले एक महीने में दूसरी बार कार्रवाई हुई है, लेकिन एजेंसी को अब तक कुछ नहीं मिला।

भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जिसे न औरंगजेब झुका पाया और न अंग्रेज। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और ED मिलकर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पंजाब ऐसी राजनीति के आगे नहीं झुकेगा।

ED की इस कार्रवाई को लेकर अब राज्य की राजनीति गरमा गई है और विपक्षी दल भी सरकार पर सवाल उठाने लगे हैं। फिलहाल एजेंसी की ओर से छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts