09 मई 2026 | कोलकाता

पश्चिम बंगाल में BJP की पहली सरकार के गठन के साथ आज राज्य की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा BJP और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम के गवाह बनेंगे।

समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

केंद्रीय मंत्रियों में चिराग पासवान, जयंत चौधरी और राम मोहन नायडू के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता भी कोलकाता पहुंच चुके हैं।

प्रोटोकॉल के तहत पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी शपथ समारोह का निमंत्रण भेजा गया है। शपथ ग्रहण से पहले ही ब्रिगेड परेड ग्राउंड और कोलकाता शहर में BJP समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है और पूरे इलाके में उत्सवी माहौल दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts