महासमुंद , 6 जून 2026

जिले के सांकरा थाना में पदस्थ एक आरक्षक पर चालान की कॉपी देने के नाम पर 2500 रुपए वसूलने का आरोप लगा है। इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रतिभा पांडेय ने संबंधित आरक्षक को तत्काल पुलिस लाइन अटैच कर जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में आरक्षक अरुण प्रताप सिंह एक फोटो कॉपी दुकान में पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि चालान की कॉपी उपलब्ध कराने के लिए 2500 रुपए की मांग की गई और कम राशि देने पर दबाव बनाकर पूरी रकम वसूल ली गई।

गौरतलब है कि नियमों के अनुसार चालान की प्रति संबंधित पक्ष को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

इस पूरे मामले पर ASP प्रतिभा पांडेय ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया वीडियो में दिखाई देने वाला आरक्षक सांकरा थाना में पदस्थ है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए उसे तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरक्षक के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts