मुंगेली, 17 जून 2026
छत्तीसगढ़ के मुंगेली वनमंडल अंतर्गत लोरमी वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर दो तेंदुओं के बीच हुई भीषण लड़ाई में एक तेंदुए की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल होकर जंगल की ओर चला गया।
जानकारी के अनुसार, कंचनपुर बैरियर के समीप कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वन क्षेत्र में चौकीदार ने तेंदुए का शव देखा और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की।
वन अधिकारियों ने रातभर शव की निगरानी की। वहीं घायल तेंदुए की तलाश के लिए आसपास के जंगलों में खोज अभियान भी चलाया गया, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले जंगल क्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच जोरदार संघर्ष जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। ग्रामीणों का मानना है कि आपसी लड़ाई के दौरान एक नर तेंदुए की मौत हुई होगी। हालांकि वन विभाग ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वन विभाग के अनुसार, मृत तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कानन पेंडारी में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
उपवनमंडलाधिकारी दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि ग्रामीणों ने दो तेंदुओं के बीच भीषण संघर्ष की आवाजें सुनने की जानकारी दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


