Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > पीएम सूर्य घर योजना से रघुचंद कर्रे का बिजली बिल हुआ शून्य, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से हर महीने बड़ी बचत

पीएम सूर्य घर योजना से रघुचंद कर्रे का बिजली बिल हुआ शून्य, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से हर महीने बड़ी बचत

जगदलपुर, 11 जुलाई 2026

प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना बस्तर जिले के परिवारों के लिए आर्थिक राहत का बड़ा माध्यम बन रही है। इसका उदाहरण तेलीमारेंगा निवासी रघुचंद कर्रे हैं, जिन्होंने योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कर न केवल बिजली के बढ़ते खर्च से राहत पाई, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी अपनाया।

रघुचंद कर्रे ने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 1,500 रुपये आता था, जो परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ बनता था। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ प्राप्त किया।

योजना के तहत उनके घर पर 3 किलोवाट का सोलर रूफटॉप प्लांट लगाया गया, जिसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। सोलर संयंत्र शुरू होने के बाद अब उनके घर की अधिकांश बिजली आवश्यकता इसी से पूरी हो रही है और मासिक बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। अतिरिक्त उत्पादित बिजली बिजली कंपनी के ग्रिड में जाने से भी उन्हें आर्थिक लाभ मिल रहा है।

रघुचंद कर्रे ने कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल के रूप में बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती थी, लेकिन अब बिजली बिल शून्य हो गया है और हर महीने अच्छी बचत हो रही है। उन्होंने योजना को मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि सरकार की सब्सिडी से सोलर प्लांट लगाना आसान हो गया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिले के अन्य नागरिकों से भी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील की। उनका कहना है कि यह योजना न केवल आर्थिक बचत सुनिश्चित करती है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

शासन के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे बिजली बिल में कमी आने के साथ-साथ अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है। रघुचंद कर्रे की पहल इस योजना की सफलता और जनहितकारी योजनाओं के प्रभाव का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *