रायपुर, 14 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में सक्ती के वेदांता प्लांट हादसे, रायपुर के जल संकट और अमृत मिशन जैसे मुद्दों पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस विधायकों ने सरकार से तीखे सवाल पूछे, लेकिन मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर सदन से वॉकआउट कर दिया।

प्रश्नकाल के दौरान वेदांता प्लांट हादसे में 25 लोगों की मौत, मामले की जांच और अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। इस मुद्दे पर सदन में तीखी बहस हुई।

इसके अलावा रायपुर की जलापूर्ति व्यवस्था, अमृत मिशन, जल जीवन मिशन, टैंकरों से पेयजल आपूर्ति, अवैध नल कनेक्शन और 24 घंटे पानी सप्लाई जैसे मुद्दों पर भी विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सरकार का पक्ष रखते हुए स्थिति स्पष्ट की।

सत्र के दौरान अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भी सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अविश्वास प्रस्ताव देने के बाद भी सवाल पूछे जा रहे हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने जवाब देते हुए कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने के कारणों पर चर्चा सदन में होगी।

विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस आज अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह विधानसभा में लाया जाने वाला 10वां अविश्वास प्रस्ताव होगा। इससे पहले नौ बार सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जा चुके हैं, लेकिन हर बार सरकारें सदन में अपना बहुमत साबित करने में सफल रही हैं।

आज आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तारीख तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts