गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 जुलाई 2026
सीएम हेल्पलाइन (1076) में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में अवैध रेत और गिट्टी परिवहन में संलिप्त 6 ट्रैक्टर जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने जिला खनिज विभाग को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे 3 ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया क्षेत्र से रेत से भरे 2 ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा 1 ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी वाहनों को मौके पर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा करने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को छोड़ा जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध खनिज गतिविधियों की जानकारी मिलने पर सीएम हेल्पलाइन या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।


