रायपुर, 15 जुलाई 2026 

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायक उमेश पटेल के प्रश्न के लिखित उत्तर में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश में पिछले दो वर्षों के हत्या, लूट, अपहरण, हिरासत में मृत्यु और जेल अभिरक्षा में मौत से जुड़े विस्तृत आंकड़े सदन में प्रस्तुत किए।

अपहरण के मामलों में रायपुर सबसे आगे

सरकार के अनुसार 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 के दौरान रायपुर में 634 अपहरण, 84 हत्या और 64 लूट के मामले दर्ज हुए। बिलासपुर में 438 अपहरण, 50 हत्या और 34 लूट, जबकि दुर्ग में 365 अपहरण, 60 हत्या और 27 लूट के मामले सामने आए।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान

गृह मंत्री ने बताया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए “हेलो सिस्टर” अभियान, “अभिव्यक्ति” मोबाइल ऐप, महिला थाना, साइबर थाना, सामुदायिक पुलिसिंग, जन-चौपाल, बीट व्यवस्था और सघन पेट्रोलिंग जैसी पहलें लगातार संचालित की जा रही हैं।

अधिकांश जिलों में बढ़े अपहरण के मामले

सरकार द्वारा पेश आंकड़ों के अनुसार अधिकांश जिलों में अपहरण के मामलों में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं हत्या और लूट के मामलों में कई जिलों में कमी तथा कुछ जिलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। हिरासत में मृत्यु के मामले अधिकांश जिलों में शून्य रहे।

पांच वर्षों में जेलों में 375 कैदियों की मौत

सरकार ने सदन को बताया कि वर्ष 2021 से 25 जून 2026 तक प्रदेश की जेलों में 375 कैदियों की मौत हुई। इनमें 373 मामलों में न्यायिक या दण्डाधिकारी जांच के आदेश दिए गए, 311 जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि 62 रिपोर्ट अभी लंबित हैं। वर्ष 2022 में सर्वाधिक 90 कैदियों की मौत दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts