नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026

आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका सामने आया है। राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने AAP के 7 बागी सांसदों के भाजपा में विलय को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्यसभा सचिवालय ने नोटिफिकेशन जारी कर इन सभी सांसदों को आधिकारिक रूप से भाजपा का सदस्य मान लिया है। भाजपा में शामिल होने वाले सांसदों में राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं। इस फैसले के बाद राज्यसभा में भाजपा सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है।

केंद्रीय मंत्री ने किया स्वागत, NDA में शामिल होने पर बधाई
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज्यसभा चेयरमैन ने संवैधानिक प्रक्रिया के तहत इस विलय को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि ये सभी सांसद अब भाजपा संसदीय दल का हिस्सा हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। रिजिजू ने इन सांसदों के संसदीय आचरण की भी सराहना की।

AAP ने उठाए सवाल, अयोग्यता की मांग की थी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच AAP ने इसका विरोध किया था। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति को पत्र लिखकर इन सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की थी। उन्होंने इसे दल-बदल करार देते हुए कहा था कि यह पंजाब की जनता और संविधान के साथ विश्वासघात है। बता दें कि 24 अप्रैल 2026 को राघव चड्ढा और अन्य नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने और भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts