आरंग, 21 जून 2026

महानदी से अवैध रेत खनन और परिवहन के बीच एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय ट्रैक्टर चालक कन्हैया धीवर की मौत हो गई। घटना करमंदी मोड़ की है, जहां अवैध रूप से रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टर को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान ग्राम भानसोज निवासी कन्हैया धीवर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि रेत से लदा ट्रैक्टर सड़क पर ही पलट गया। आसपास के लोगों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध रेत खनन

एनजीटी के नियमों के अनुसार 15 जून से प्रदेश के रेत घाटों पर खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद कुरूद, चिखली, मोहमेला, हरदीडीह और करमंदी समेत कई इलाकों में रेत माफिया सक्रिय हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन-रात अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है।

बेलगाम वाहनों से बढ़ रहा खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि रेत से भरे ट्रैक्टर और अन्य वाहन तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ते हैं। कई मामलों में बिना लाइसेंस और नाबालिग चालकों से भी भारी वाहन चलवाए जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप

स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध रेत कारोबार की शिकायतें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और प्रशासनिक अधिकारियों तक कई बार पहुंचाई गईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे अधिकारियों और रेत माफियाओं की कथित सांठगांठ को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

कोरिया तिहरे हत्याकांड जैसी आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रेत कारोबार को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले भी अवैध रेत परिवहन और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts