बलरामपुर, 03 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से प्रदेशभर में लगातार बारिश हो रही है। इसी बीच बलरामपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि राजपुर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया।

जानकारी के अनुसार, राजपुर क्षेत्र की रहने वाली मानती टेकाम (33) और उनकी 14 वर्षीय बेटी विमला टेकाम गुरुवार को खेत में काम कर रही थीं। दोपहर में तेज बारिश शुरू होने पर दोनों बचने के लिए पास के एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वहीं, राजपुर में हुई मूसलाधार बारिश से नेशनल हाईवे-343 के किनारे स्थित कई घरों में पानी घुस गया। घरों में घुटनों तक पानी भरने से अनाज, बिस्तर, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान भीग गए, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर सिस्टम के चलते अगले 5 दिनों तक प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई। हालांकि, पूरे प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 54 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े न होने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts