रायपुर, 2 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में नवगठित नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे सशक्त कड़ी है और नगर पंचायतें नागरिकों की आकांक्षाओं को साकार करने का प्रभावी माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका प्रतिफल पारदर्शी प्रशासन, संवेदनशील कार्यशैली और तेज विकास के रूप में दिखाई देना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बम्हनीडीह के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय की स्थापना तथा सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों के लिए समर्थन, महतारी वंदन योजना, युवाओं के लिए रोजगार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के हित में कार्य किया है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरीय क्षेत्रों को मजबूत आधारभूत सुविधाएं, बेहतर नागरिक सेवाएं और सुनियोजित विकास मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत भविष्य में सुशासन, जनभागीदारी और विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगी।

समारोह को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े और विधायक श्री किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, श्री नारायण चंदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts