बिलासपुर, 19 जून 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जेसीबी के टायर में हवा भरते समय अचानक हुए धमाके में एक 18 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, हादसा बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट की निर्माणाधीन कॉलोनी में हुआ। बताया जा रहा है कि जेसीबी का टायर पंचर होने के बाद उसमें हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान टायर पर चार लोग बैठे हुए थे और अन्य लोग पास में मौजूद थे।

हवा भरने के दौरान अचानक टायर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टायर पर बैठे लोग हवा में उछल गए। हादसे में दुकान के हेल्पर उमाकांत कौशिक (18 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट लगी और उसका जबड़ा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विस्फोट के दौरान वह करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछल गया था।

घटना में भूपेंद्र राव, ओसामा और अमृत यादव घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विस्फोट की भयावहता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। सूचना मिलने के बाद चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts