08 मई 2026 | कोलकाता

पश्चिम बंगाल में BJP विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुख्यमंत्री पद के लिए अंतिम मुहर लग गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में सभी विधायकों ने शुभेंदु अधिकारी के नाम पर सहमति जताई। अब वह थोड़ी देर में राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शनिवार 09 मई को सुबह 11 बजे कोलकाता में उनका भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में BJP ने दो-तिहाई बहुमत हासिल करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह पहली बार होगा जब राज्य में BJP की सरकार बनेगी। इससे पहले 07 मई को राज्यपाल ने 17वीं विधानसभा भंग कर दी थी, जिसके साथ ममता बनर्जी सरकार का कार्यकाल समाप्त हो गया।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी की दावेदारी पहले से ही मजबूत मानी जा रही थी। उन्होंने 2021 में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराया था और इस बार भवानीपुर में भी उन्हें मात देकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। चुनाव अभियान के दौरान शुभेंदु अधिकारी को BJP की रणनीतिक जीत का प्रमुख चेहरा माना गया।

पार्टी के भीतर संगठनात्मक पकड़, विपक्ष के नेता के तौर पर अनुभव और केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा भी उनके पक्ष में गया। BJP सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोनों ही शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व पर भरोसा जता चुके हैं।

अब पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और शनिवार को शुभेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts