रायपुर, 12 जून 2026

दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंच चुका है और जल्द ही प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। मानसून की आधिकारिक एंट्री से पहले ही रायपुर सहित कई जिलों में गुरुवार को तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

गुरुवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश

प्रदेश में सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा कोंटा और गरियाबंद में दर्ज की गई। मैनपुर में 4 सेंटीमीटर, जबकि गादीरस, बड़े बचेली, सुकमा और नांगुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बस्तर संभाग और आसपास के कई इलाकों में भी अच्छी वर्षा दर्ज हुई।

आज भी मौसम रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts