रायपुर, 24 जून 2026

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के करीब 75 फीसदी हिस्से तक पहुंच गया। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार शाम झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम के कुछ हिस्सों में भी जल्द मानसून पहुंचने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं।

मंगलवार को हुई बारिश के बाद प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। डौंडी और नांगर में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बस्तर, कांकेर, गरियाबंद, राजनांदगांव, जगदलपुर समेत कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर सहित 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts